केजरीवाल ने विकास के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंका : नड्डा

0
83

चर्चित बिहार :-  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने विकास  के नाम पर राजधानी की जनता की आंखों में सिर्फ धूल झोंकने का काम किया है।
नड्डा ने सोमवार को सदर बाजार में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल जो कहते हैं उस पर अमल नहीं करते, उनके कहने का तात्पर्य कुछ और होता है और करने का कुछ और। उन्होंने दिल्ली में विकास के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बनाया। इसकी वजह से हर दिन करीब 60,000 गाड़ियां जो दिल्ली में प्रदूषण फैलाती थीं आज वो दिल्ली के बाहर से गुजर रही हैं। उन्होंने मोदी सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों की फेहरिस्त गिनाते हुए केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए। नड्डा ने जनता से सवाल किया कि केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर कहा था कि वह एयर प्योरीफायर लगाएंगे, लगाए क्या? उन्होंने कहा था कि इलेक्ट्रिक बसें चलाएंगे, चलाई क्या?


भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी हो या कांग्रेस, इनके लिए देश बाद में हैं और वोटबैंक की राजनीति पहले है। उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये नागरिकता देने का कानून है, लेने का कानून नहीं है। किंतु, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी लोगों को भड़का रही हैं। देश में जहां-जहां दंगे और आगजनी हुई है, वहां कुछ विशेष लोगों ने अपना योगदान किया है और यही लोग शाहीन बाग में बैठकर लोगों को उकसा रहे हैं।
नड्डा ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने हक, अपनी देशभक्ति को मजबूत बनाने और अपने इलाके का विकास करने के लिए भाजपा को जिताएं।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments