Breaking Newsताज़ा ख़बरबड़ी खबरेंबिहार

पटना में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, निर्मित और अर्द्धनिर्मित हथियार बरामद तीन आरोपी गिरफ्तार

चर्चित बिहार :
न्यूज़ डेस्क
अप्रैल 01/05 /2022

पटना : के मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के टाल इलाके में चल रहे एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने निर्मित व अर्द्धनिर्मित अवैध हथियार के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। हथियार बनाने वाले कई उपकरण भी बरामद किये गये। जिस जगह छापेमारी हुई है वह नालंदा जिले के सरमेरा थाना सीमा से सटा इलाका है। पुलिस ने मौके से सरमेरा थाने के चेरो निवासी पिंटू कुमार, चिकसौरा थाने के राजेश विश्वकर्मा और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये राजेश (पिता) और मनीष (पुत्र) पिता-पुत्र हैं। तीनों नालंदा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार पिंटू के खिलाफ सरमेरा थाने में कई आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। बाढ़ एएसपी अरविन्द प्रताप सिंह के निर्देश पर घोसवरी थानाध्यक्ष संजीव मौआर ने शुक्रवार की शाम पुलिस टीम के साथ अवैध मिनीगन फैक्ट्री में छापेमारी की। घोसवरी थानाध्यक्ष संजीव मौआर ने बताया कि टाल इलाके के गोड़ीहारी से दक्षिण-पश्चिम टाल में नकटा पुल के पास अवैध मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी। शनिवार को न्यायिक हिरासत के तहत सभी को जेल भेज दिया गया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के तार का पता लगाया जा रहा है।

नक्सलियों के लिये हथियार बनाते थे मिस्त्री

जिन आरोपितों को घोसवरी पुलिस ने पकड़ा है वे नक्सलियों के लिये भी हथियार बनाया करते थे। पुलिस इस बाबत छानबीन कर रही है। प्रथम दृष्टया हुई पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि पिंटू हथियार सप्लायर है। इस पहलू पर जांच-पड़ताल की जा रही है कि पिंटू किन-किन जगहों पर हथियार की सप्लाई करता था।

हथियार सहित ये सामान हुए बरामद

एक देसी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस जिसमें दो मिस फायर हैं, 5 अर्द्धनिर्मित पिस्टल, लोहे का ट्रिगर 14 पीस, लोहे की घोड़ी 12 पीस, लोहे की छेनी 7 पीस, लोहे का ट्रिगर गार्ड 3 पीस, पिस्टल में लगने वाला लोहे का फार्मा 3 पीस, लोहे की चक्की 3 पीस, लोहे की घिरनी 1 पीस, सिकंजा वाइस एक पीस, सरसी 2 पीस, रेती 2 पीस, हथौड़ी 4 पीस, आरी, धार बनाने वाला पत्थर, रिंच, पिलास, स्क्रूप, पेचकस, लोहे का टुकड़ा सहित हथियार बनाने के अन्य उपकरण।

Related Articles

Back to top button