Breaking Newsताज़ा ख़बरबड़ी खबरेंबिहार

बेगूसराय के 4 थाना इलाकों में 30 किमी तक गोलीबारी होती रही, बिहार में कोई सरकार ही नहीं गिरिराज सिंह

चर्चित बिहार
14 सितम्बर 2022

पटना :  बिहार के बेगूसराय में हुए गोलीकांड पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर 4 थाना इलाकों में 30 किलोमीटर तक फायरिंग करते रहे, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाई। बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधियों के बीच कानून का भय ही खत्म हो गया है। गिरिराज सिंह ने गोलीकांड में मारे गए शख्स के परिजन को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की है।

केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने मंगलवार को जिले में हुए गोलीकांड पर सीएम नीतीश से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इस मामले पर नीतीश कुमार को तुरंत जवाब देना चाहिए। बिहार का दुर्भाग्य है कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। बिहार के मुख्यमंत्री को भय लगता है ये कहने में कि मैं जंगलराज का हूं, जिस दिन वे ऐसा कहेंगे डिप्टी सीएम (तेजस्वी यादव) उन्हें सत्ता से हटा देंगे।

गिरिराज ने कहा कि जब अपराधी बेखौफ हो जाते हैं तो बेगूसराय जैसी घटना घटती है। 30 किमी तक चार थाने से होते हुए अपराधी रोड से बिना रोक-टोक गुजरते हैं, बेखौफ गोलियां चलाते हैं। लोगों में भय नाम की चीज खत्म हो गई है। बता दें कि बेगूसराय में बाइक सवार अपराधियों द्वारा मंगलवार शाम को की गई अंधाधुंध फायरिंग में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं, 10 अन्य घायल हुए हैं।

एक करोड़ के मुआवजे की मांग

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय गोलीकांड में मारे गए शख्स के परिजन को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने नीतीश सरकार से कहा कि घायलों को भी 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। बता दें कि घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। अपराधी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। मामले की जांच जारी है।

बेगूसराय एसपी के मुताबिक बाइक सवार बदमाशों ने बेगूसराय जिले में अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पूरे जिले में नाकाबंदी भी की गई है।

Related Articles

Back to top button