बिहार विधानसभा को आज मिलेगा नया स्पीकर

0
126

चर्चित बिहार : पटना
26 अगस्त 2022

आरजेडी नेता अवध बिहारी चौधरी आज बिहार विधानसभा के नए स्पीकर के पद पर निर्विरोध निर्वाचित होंगे। स्पीकर का चुनाव शुक्रवार को होना है, एक दिन पहले अवध बिहारी ने नामांकन किया था।

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद शुक्रवार को विधानसभा में नए स्पीकर का निर्वाचन भी हो जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता अवध बिहारी चौधरी विधानसभा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे। गुरुवार को उनका एकमात्र नामांकन हुआ। पिछले दिनों पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए उनका चयन किया था और पार्टी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर भी लगी थी।

अवध बिहारी चौधरी आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के काफी करीबी हैं और उनके पसंदीदा नेताओं में उनकी गिनती होती है। पार्टी में उनके नाम पर सबकी सहमति थी। चौधरी आरजेडी के दूसरे विधानसभा अध्यक्ष होंगे। अपने स्थापना काल के 25 सालों में आरजेडी को दूसरी बार स्पीकर पद का मौका मिला है। इससे पहले देवनारायण यादव आरजेडी से विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे 1995 से 2000 तक विधानसभा स्पीकर के पद पर रहे। आरजेडी का गठन 1997 में हुआ था, तब यादव आरजेडी के स्पीकर हो गए। इसके बाद साल 2000 से 2005 तक आरजेडी के समर्थन ने कांग्रेस के सदानंद सिंह स्पीकर हुए।

बता दें कि महागठबंधन सरकार के बहुमत परीक्षण से पहले बुधवार को विजय सिन्हा ने विधानसभा स्पीकर पद से इस्तीफा दे दिया था। सिन्हा एनडीए कार्यकाल में विधानसभा अध्यक्ष पद चुने गए थे, सरकार बदलने के बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। इसके बाद गुरुवार को अवध बिहारी चौधरी ने नए स्पीकर के लिए नामांकन किया। स्पीकर के चुनाव के लिए विधानसभा के विशेष सत्र को शुक्रवार तक के लिए बढ़ा दिया गया।