Breaking Newsताज़ा ख़बरबड़ी खबरेंबिहार

बिहार में मोदी और नीतीश होंगे एनडीए का चुनावी चेहरा: वशिष्ठ

चर्चित बिहार पटना।  जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने साफ तौर पर कहा कि बिहार में एनडीए के दो चुनावी चेहरे हैं। पहला पीएम नरेन्द्र मोदी और दूसरा सीएम नीतीश कुमार। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने अपने काम से देश भर में एक खास पहचान बनाई है।

जदयू अध्यक्ष बुधवार को अपने घर पर संवाददाताओं से बातें कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस महीने के अंत तक सीट शेयरिंग का मसला भी हल हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की रणनीति पर विचार करने के लिए 16 सितंबर को 1, अणे मार्ग में जदयू प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार और राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी भी शामिल होंगे।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत आगे बढ़ चली है। उम्मीद है अगले महीने तक भाजपा, जदयू, लोजपा और रालोसपा के बीच सीटों का मुद्दा सुलझ जाएगा। इस बारे में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अगले महीने घोषणा करेंगे। सीटों के तालमेल को लेकर एनडीए के दलों के बीच कई दौर में बातचीत हो चुकी है। भाजपा के साथ भी सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत सकारात्मक है और चार दलों में कौन कितने सीट पर चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला महीने के अंत तक हो जाएगा।

बोधगया में भाजपा की बैठक पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी दलों की तरह वह भी चुनाव की तैयारी कर रही है। इसमें अलग से कुछ कहने वाली बात नहीं है। जदयू अध्यक्ष ने बसपा नेता रवीन्द्र उपाध्याय और पूर्व मुख्य अभियंता श्याम बिहारी राम को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर परिवहन मंत्री संतोष निराला, जदयू के प्रदेश महासचिव डॉ.नवीन आर्या, अनिल कुमार, युवा जदयू के प्रदेश महासचिव प्रभात झा और प्रिंस श्रीवास्तव मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button