तेजस्वी ने कहा- ब्रजेश के बेटे के जन्मदिन पर उसके घर गए थे नीतीश, दें इस्तीफा

0
186

पटना चर्चित बिहार। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार को राज्य न चला पाने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। यह साबित हो गया है कि वह बहुत डरपोक मुख्यमंत्री हैं। वह बच्चियों के न्याय की लड़ाई नहीं लड़ पाए। उन्होंने बच्चियों के साथ अपराध करने वालों का बचाव किया।

जस्वी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार का मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के साथ करीबी रिश्ता था। वह कई बार उसके घर गए थे। यहां तक कि नीतीश ब्रजेश के बेटे के जन्मदिन पर भी उसके घर गए थे। इससे साबित होता है कि सीएम का ब्रजेश के साथ सिर्फ एनजीओ संचालक के नाते ही रिश्ता नहीं था। ब्रजेश उनका करीबी था। तेजस्वी ने नीतीश कुमार और उनकी सरकार से 20 सवालों के जवाब मांगे हैं।

1- सुप्रीम कोर्ट ने मुजफ्फरपुर कांड पर टिप्पणी की है कि बिहार में बलात्कार कांड स्टेट स्पौंसर्ड है। हर कोने में ऐसी घटनाएं हो रही हैं। नीतीश कुमार बतायें, स्टेट कौन चला रहा है?
2- नीतीश कुमार क्यों चुप हैं? क्यों कुर्सी से चिपके हुए हैं? नीतीश की नाक के नीचे यह महापाप हुआ है। हम बिहार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मंत्री और गृहमंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं।

3- 2005 से बिहार के पीआरडी मंत्री कौन हैं, जिनके कार्यकाल में ब्रजेश ठाकुर के अखबारों की मात्र प्रतिदिन 200-400 प्रति छपने के बावजूद करोड़ों का विज्ञापन दिया गया?
4- बिहार के पीआरडी मंत्री का 12 वर्षों से ब्रजेश ठाकुर से क्या संबंध रहा है? बिना जाँच के उसे जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा विज्ञापन में क्यों लुटाया गया?
5- पीआरडी मंत्री नीतीश कुमार बतायें उन्हें ब्रजेश ठाकुर के अखबारों में विज्ञापन देने के बदले क्या मिलता था?
6- नीतीश बतायें, उसके अखबार की क्या खूबी थी कि विधानमंडल परिसर में केवल ब्रजेश ठाकुर का ही अखबार सर्कुलेट होता था? बाकी अखबार क्यों नहीं?

7- हम सुप्रीम कोर्ट से निवेदन करते है कि वो सूचना जनसंपर्क विभाग के अबतक रहे सभी अधिकारियों की जांच में पूछताछ सुनिश्चित करवाये? विशेषतः: उनसे जो स्वास्थ्य विभाग के भी प्रधान सचिव रहे है जिनके कार्यकाल में ब्रजेश ठाकुर के एनजीओ को दिल खोलकर सरकारी फंड मिला है?
8- नीतीश कुमार के उन सभी चेहते अधिकारियों से गहन पूछताछ कर उनके ब्रजेश ठाकुर से संबंधों की जांच करवाई जाए।
9- आईपीआरडी मंत्री नीतीश कुमार ने अभी विभाग का सचिव उसी अधिकारी को बनाया हुआ है जो काफी दिनों तक मुजफ्फरपुर का डीएम रहा है। इसी अधिकारी ने ब्रजेश ठाकुर की राजदार मधु वर्मा को जिला महिला सम्मान देने की सिफारिश की थी। मुख्यमंत्री उस अधिकारी को अपनी आंख का तारा क्यों बनाए हुए हैं?

10- मुजफ्फरपुर में थाने से चंद मिनटों की दूरी पर ब्रजेश ठाकुर वर्षों से बच्चियों के साथ दुष्कर्म करवा रहा था, लेकिन पुलिस को खबर तक नहीं लगी। यह कैसे संभव है?

11- गृहमंत्री नीतीश कुमार बताएं मुख्य अभियुक्त का नाम नामजद प्राथमिकी में क्यों नहीं था? पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में ढाई महीने क्यों लगाए? सरकार ने ढाई महीने तक रिपोर्ट को क्या दबा कर रखा?

12- पुलिस ने ब्रजेश ठाकुर का रिमांड क्यों नहीं लिया? अगर बाध्यता थी तो पुलिस ब्रजेश ठाकुर के रिमांड के लिए हाईकोर्ट क्यों नहीं गई?
13- मुख्यमंत्री बताएं, उनका ब्रजेश ठाकुर से क्या रिश्ता है? मुख्यमंत्री रहते उसके बेटे के बर्थडे का केक काटने नीतीश कुमार पटना से मुजफ्फरपुर ब्रजेश ठाकुर के घर किन संबंधों के आधार पर गए थे?

14- ब्रजेश ठाकुर को जदयू की सदस्यता कब, क्यों और किसने दिलवाईं? ब्रजेश को जदयू से कब निकाला गया?

15- ब्रजेश किस हैसियत से मुख्यमंत्री की चुनावी सभा का संचालन करता था?

16- मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड मामले में ढाई महीने बाद भी मुख्य अभियुक्त ब्रजेश ठाकुर पर एफआईआर क्यों नहीं की गई?
17- बालिका गृह कांड की गवाह बच्ची मधुबनी शेल्टर होम से कैसे गायब हुई? उस बच्ची को किसने और क्यों भगाया है?
18- मंजू वर्मा के पति इस कांड की एकमात्र कड़ी नहीं है। उनके और भी रसूखदार मंत्री अभी मंत्रीमंडल में है। नीतीश कुमार जानते है वो कौन-कौन है?
19- सुप्रीम कोर्ट से निवेदन करते हैं कि वो जांच करवाये कि जांच के मध्य ही मात्र एक व्यक्ति की सीडीआर डिटेल्स पब्लिक डोमेन में कैसे आयी? किसने सीडीआर लीक की? जिसने भी की उसे सजा दी जाए। मात्र चंद्रशेखर वर्मा की ही कॉल डिटेल्स क्यों सार्वजनिक की गई बाकियों की क्यों छिपाई गई?

20- यह किसे बचाने की कोशिश हो रही है? सीडीआर में यह क्यों नहीं बताया गया कि किस केंद्रीय मंत्री और किन सांसदों ने ब्रजेश ठाकुर को बचाने के लिए फोन किया था?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here